जनपद के रानी की सराय ब्लॉक स्थित एडीओ पंचायत कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब प्रधान संघ के नेतृत्व में पहुंचे ग्राम प्रधानों ने ADO पंचायत ऑफिस को घेर कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रधानों के प्रदर्शन से ब्लॉक परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय ब्लॉक स्थित एडीओ पंचायत कार्यालय में बुधवार को उस समय हलचल मच गई जब क्षेत्र के प्रधानों ने अपनी मांगों को लेकर एडीओ पंचायत आफिस का घेराव कर दिया । प्रधान संघ के नेतृत्व में पहुंचे प्रधानों ने अधिकारियों पर उपेक्षा और मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया । प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रधानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रधान अपनी मांगों पर अड़े रहे। काफी देर तक एडीओ पंचायत का आफिस नहीं खुल सका । प्रधान संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायतों से जुड़े कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप किया जा रहा है तथा प्रधानों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही पंचायत कार्यों में पारदर्शिता एवं सम्मानजनक व्यवहार की मांग भी उठाई गई । प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं प्रशासन और विकासखंड अधिकारी ने मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का भरोसा दिलाया है।