आज़मगढ़। जनपद के सरायमीर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंड्रा गंगापुर निवासी आशित सिंह ने मेडिकल ऑफिसर पद पर चयनित होकर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। आशित सिंह, दुर्गा प्रसाद सिंह के पुत्र हैं। उनके चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
आशित सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आज़मगढ़ के चिल्ड्रेन स्कूल से प्राप्त की तथा वर्ष 2018 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने हापुड़ स्थित सरस्वती इंस्टीट्यूट से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। कठिन मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने मेडिकल ऑफिसर पद हासिल किया।
आशित सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता दुर्गा प्रसाद सिंह उनके रोल मॉडल हैं, जबकि मां के स्नेह, ममता और आशीर्वाद ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
बुआ गीता सिंह ने बताया कि आशित शुरू से ही बेहद मेहनती था। उसने कठिन संघर्षों के बीच पढ़ाई जारी रखी और आज उसकी मेहनत रंग लाई है। वहीं चाचा दिनेश सिंह ने कहा कि आशित की पढ़ाई में उनके चाचा का बहुत बड़ा योगदान रहा। यदि आज वह जीवित होते तो इस सफलता पर सबसे अधिक खुश होते।
परिजनों ने बताया कि एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए बाहर जाने के बाद आशित पांच वर्षों में केवल चार-पांच बार ही घर आ पाया। उसने पूरी लगन और समर्पण के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया, जिसका परिणाम आज पूरे परिवार और गांव के सामने है।
आशित सिंह ने बताया कि समाज सेवा की भावना उन्हें अपने बाबा स्वर्गीय शिव शंकर सिंह से मिली, जो केवी इंटर कॉलेज मार्टिंगंज में प्रवक्ता पद पर कार्यरत रहे थे।
आशित सिंह की इस उपलब्धि से पूरे गंगापुर बिजौरा और सरायमीर क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।