वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे
आजमगढ़। वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में मदर्स डे का भव्य आयोजन बड़े उत्साह, उमंग और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माताओं द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह एवं अभिभावक अरविंद कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी माताओं का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर एवं गुलाब भेंट कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में माताओं एवं बच्चों के लिए कई आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। “मदर रेडी प्रतियोगिता”, “मां द्वारा बच्चों को तैयार करने की प्रतियोगिता”, “क्ले मेकिंग प्रतियोगिता”, “स्टिक ऑन बैलून गेम”, “गुजराती साड़ी पहनने की प्रतियोगिता” तथा “अपने बच्चे से जुड़ी अविस्मरणीय याद साझा करें” जैसी गतिविधियों में माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान प्रस्तुत किए गए भावुक गीत “माँ ओ मेरी माँ” ने सभी उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में केक कटिंग समारोह भी आयोजित हुआ तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन नेहा सिंह ने किया, जबकि फोटोग्राफी की जिम्मेदारी उपासना राय ने निभाई। विद्यालय की प्रधानाचार्या आयशा तैयब के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में हेड मिस्ट्रेस शोमिता श्रीवास्तव के साथ आरती सिंह, कुमकुम दुबे एवं सोनम सिंह का विशेष सहयोग रहा।
अंत में विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने कहा कि “मां के संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। मां ही बच्चे की प्रथम गुरु होती है, जो उसे प्रेम, अनुशासन और सफलता का मार्ग दिखाती है।” उन्होंने सभी माताओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए आभार व्यक्त किया।