नगर पंचायत निजामाबाद के सफाई कर्मियों के वार्ड में बदहाल हालात, न नालियां न सड़क: नगर पंचायत निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के वार्ड नंबर 9 और 10 में सफाई कर्मियों के मोहल्ले की बदहाल स्थिति सामने आई है। राष्ट्रीय प्रमुख समाजसेवी अरुण कुमार और समाजसेविका कुलदीप कौर ने 11 जनवरी 2026 को क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां नालियों, इंटरलॉकिंग सड़क और जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई।
निजामाबाद (आजमगढ़)
राष्ट्रीय प्रमुख समाजसेवी अरुण कुमार एवं समाजसेविका कुलदीप कौर ने आज नगर पंचायत निजामाबाद के वार्ड संख्या 9 व 10 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की बदहाल स्थिति देखकर दोनों समाजसेवियों ने गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने बताया कि इसी वार्ड में नगर पंचायत निजामाबाद के अधिकांश सफाई कर्मचारी निवास करते हैं, जो प्रतिदिन पूरे नगर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभाते हैं। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि उन्हीं के मोहल्ले में न तो पक्की नालियों का निर्माण हुआ है और न ही इंटरलॉकिंग सड़क बनाई गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के समय जलभराव हो जाता है, गंदा पानी घरों के सामने जमा रहता है और आने-जाने में भारी परेशानी होती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बीमारी फैलने का भी खतरा बना रहता है।
अरुण कुमार ने कहा कि, “जो लोग पूरे नगर को स्वच्छ रखने का कार्य करते हैं, उन्हीं को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।”
वहीं कुलदीप कौर ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की कि शीघ्र ही इस क्षेत्र में नालियों का निर्माण, सड़क की इंटरलॉकिंग तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए।
समाजसेवियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों तक उठाएंगे, ताकि सफाई कर्मियों को उनका अधिकार और सम्मानजनक जीवन मिल सके।
रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर विवाद, कमलेश राय ने दी मानहानि मुकदमे की चेतावनी