रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर विवाद, कमलेश राय ने दी मानहानि मुकदमे की चेतावनी : आजमगढ़ के जहानागंज में रजिस्ट्रीशुदा जमीन को फर्जी बताकर लगाए गए आरोपों पर शिक्षक नेता कमलेश राय ने मानहानि मुकदमा करने की चेतावनी दी। परिवार ने प्रशासन से पैमाइश की मांग की।
जहानागंज (आजमगढ़)।
क्षेत्र के मुस्तफाबाद स्थित मिश्रा मार्केट के समीप गाटा संख्या 10 ख की रजिस्ट्रीशुदा जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि वैध रूप से खरीदी गई जमीन को फर्जी बताकर कुछ लोग अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्मला राय ने 18 जुलाई 2024 को तुलसीपुर निवासी श्री कतवारु सिंह से 16.5 कड़ी भूमि की विधिवत रजिस्ट्री करवाई थी। इस जमीन का खारिज दाखिल 31 अगस्त 2024 को हो चुका है तथा खतौनी में नाम भी दर्ज है। कतवारु सिंह तीन भाइयों में से एक हैं, जबकि उनके अन्य भाई चंद्रदेव सिंह और अरविंद सिंह हैं। आरोप है कि अरविंद सिंह की पत्नी उषा देवी द्वारा लगातार यह कहा जा रहा है कि उक्त जमीन पर शिक्षक नेता कमलेश राय ने जबरन कब्जा किया है और वे भू-माफिया हैं, जबकि कतवारु सिंह और उनकी पत्नी स्वयं यह बयान दे चुके हैं कि उन्होंने जमीन वैध रूप से रजिस्ट्री की है।परिवार के अनुसार भूमि का मूल स्वामित्व फेकू सिंह और उमराव सिंह दो भाइयों के पास था। फेकू सिंह की कोई संतान न होने के कारण उन्होंने अपनी संपत्ति वसीयत के माध्यम से राजदेवी पत्नी कतवारु सिंह के नाम कर दी थी। कुल लगभग 30 बिस्सा भूमि में राजदेवी की 15 बिस्सा हिस्सेदारी तथा शेष तीन भाइयों में करीब 5-5 बिस्सा का हिस्सा तय था।
आरोप है कि चकबंदी के दौरान अरविंद सिंह ने कथित रूप से गलत तरीके से गाटा संख्या 32 कटवाकर अधिक रकबा अपने नाम करा लिया। पूरे परिवार की मांग है कि प्रशासन द्वारा संपूर्ण भूमि की पैमाइश कराई जाए और सभी को उनके वास्तविक हिस्से के अनुसार जमीन दी जाए। यदि अरविंद सिंह का रकबा कम निकलता है तो परिवार अपने हिस्से से जमीन देने को भी तैयार है, और यदि अधिक निकलता है तो अतिरिक्त जमीन वापस लेने की मांग की जाएगी।
जमीन विवाद ने लिया कानूनी रूप, फर्जी आरोपों पर मानहानि केस की तैयारी
इस संबंध में शिक्षक नेता कमलेश राय ने कहा कि यदि अरविंद सिंह और उनकी पत्नी को जमीन पर दावा है तो वे अपने भाई से मांग करें या न्यायालय की शरण लें। उन्होंने कहा कि यदि उनकी रजिस्ट्री गलत सिद्ध होती है तो वे जमीन छोड़ने को तैयार हैं, लेकिन उनके खिलाफ की जा रही झूठी बयानबाजी से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है।
कमलेश राय ने स्पष्ट कहा कि अनर्गल आरोप किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और वे शीघ्र ही मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से जमीन खरीदी है और किसी की गलत या विवादित भूमि नहीं चाहते।
परिवार की ओर से प्रशासन से मांग की गई है कि मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए, ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके।
संगम में योगी आदित्यनाथ की आस्था की डुबकी, मां गंगा का विधिवत पूजन
#जमीनविवाद #आजमगढ़न्यूज #कमलेशराय #भूमिविवाद #UPNews #जमीनविवाद #आजमगढ़न्यूज #जहानागंज #भूमिविवाद #कमलेशराय #उत्तरप्रदेशसमाचार #ग्रामीणसमाचार #BreakingNews