इमरान खान की आंखों की रोशनी खतरे में PTI ने तत्काल इलाज की मांग की

जेल में बंद इमरान खान की आंखों की रोशनी CRVO बीमारी से खतरे में। PTI ने तुरंत इलाज और अस्पताल शिफ्ट करने की मांग की। पूरी खबर पढ़ें।

इमरान

इमरान

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की सेहत को लेकर उनकी पार्टी ने गंभीर चिंता जताई है। PTI का कहना है कि इमरान खान की दाहिनी आंख में सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (CRVO) नाम की गंभीर बीमारी पाई गई है, जिससे उनकी आंखों की रोशनी स्थायी रूप से जा सकती है।

पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर चेतावनी दी कि यदि इमरान खान को तुरंत और उचित इलाज नहीं मिला, तो वे अंधे भी हो सकते हैं। PTI के मुताबिक, जेल में मौजूद डॉक्टरों ने इस बीमारी को “बेहद संवेदनशील और गंभीर” बताया है।

जेल प्रशासन पर इलाज रोकने का आरोप

पाकिस्तानी अखबार DAWN की रिपोर्ट के अनुसार, PTI ने आरोप लगाया है कि मेडिकल सलाह के बावजूद रावलपिंडी की अडियाला जेल का प्रशासन इलाज जेल के भीतर ही कराने पर अड़ा हुआ है, जबकि इस बीमारी के उपचार के लिए ऑपरेशन थिएटर और विशेष चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत होती है, जो जेल में उपलब्ध नहीं हैं।

पार्टी ने मांग की है कि इमरान खान को शौकत खानम अस्पताल या किसी अन्य बड़े और आधुनिक अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। साथ ही परिवार और करीबी लोगों से बिना रोक-टोक मिलने की अनुमति देने की भी मांग की गई है।

बहनों का प्रदर्शन, जानकारी न देने का आरोप

मंगलवार को इमरान खान की बहनों ने PTI समर्थकों के साथ अडियाला जेल के बाहर प्रदर्शन किया। उनकी बहन नूरीन खानम ने कहा कि परिवार को आंख की बीमारी के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

अलीमा खानम ने आरोप लगाया कि न तो परिवार और न ही कानूनी टीम को इमरान की सेहत से जुड़ी कोई जानकारी दी गई है और सवाल उठाया कि यह खबर लीक कैसे हुई। PTI का दावा है कि जेल से लौटते समय अलीमा खानम को पुलिस ने रोक भी लिया।

क्या है CRVO?

CRVO एक गंभीर आंख की बीमारी है, जिसमें रेटिना से खून ले जाने वाली मुख्य नस में ब्लॉकेज हो जाता है। इससे रेटिना में सूजन और खून का रिसाव होने लगता है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि 24 से 72 घंटे के भीतर इलाज न मिले तो आंखों की रोशनी को स्थायी नुकसान हो सकता है।

PTI का आरोप – सरकार कर रही राजनीतिक बदले की कार्रवाई

PTI ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक दुश्मनी के चलते इमरान खान की सेहत से खिलवाड़ कर रही है। पार्टी का दावा है कि अक्टूबर 2024 के बाद उन्हें उनके निजी डॉक्टर से मिलने नहीं दिया गया, जबकि इस्लामाबाद हाई कोर्ट नियमित मेडिकल जांच के आदेश दे चुका है।

तीन साल से जेल में बंद हैं इमरान खान

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं और उन पर 100 से अधिक मामले चल रहे हैं। तोशाखाना और अल-कादिर ट्रस्ट केस समेत कई भ्रष्टाचार मामलों में उन्हें सजा सुनाई जा चुकी है।

Leave a Comment

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now