निजामाबाद में गंदगी और अव्यवस्था पर समाजसेवियों का निरीक्षण

 

 

 

निजामाबाद में गंदगी और अव्यवस्था पर समाजसेवियों का निरीक्षण: निजामाबाद में प्रशासन की लापरवाही से गंदगी का कहर देखने को मिला। मुख्य मार्ग, सार्वजनिक कुआं और मूर्ति विसर्जन सरोवर की बदहाली पर समाजसेवियों ने निरीक्षण कर नाराज़गी जताई। कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री से दोबारा शिकायत की तैयारी।

निजामाबाद
निजामाबाद

 

निजामाबाद (आजमगढ़)। नगर पंचायत निजामाबाद के वार्ड संख्या 8, मोहल्ला तेलीपुर में वर्षों से चली आ रही गंदगी, नालियों की बदहाल स्थिति और सार्वजनिक कुएं से बहते मल-मूत्र युक्त पानी को लेकर स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर गुरुवार 8 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय प्रमुख समाजसेवी अरुण कुमार एवं समाजसेवी कुलदीप कौर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। यह मार्ग थाना निजामाबाद का मुख्य मार्ग होने के साथ-साथ बाजार का भी प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग की दूसरी पटरी पर वार्ड संख्या 2, मोहल्ला तिग्गीपुर स्थित है। जिस स्थान पर निरीक्षण किया गया, वहां स्थित सार्वजनिक कुआं हर वर्ष लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना का स्थल रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुआं लंबे समय से जर्जर और गंदगी से भरा है, जिससे निकलने वाला दूषित पानी सड़क पर बहता रहता है। इससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ संक्रमण का खतरा बना रहता है।

समाजसेवियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर एसडीएम और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। मूर्ति विसर्जन और मेलों के दौरान इसी मार्ग से दुर्गा, लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमाएं सजाकर नगर भ्रमण कराया जाता है, जिसके बाद तमसा नदी तट स्थित शिवाला घाट पर बने विसर्जन सरोवर में विसर्जन किया जाता है। यह सरोवर भी नागरिकों की मांग पर ही बनाया गया था। हालांकि, निरीक्षण में सामने आया कि विसर्जन सरोवर की नियमित सफाई नहीं हो रही, जिससे वहां देवी-देवताओं की अवशेष सामग्री सड़ रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। समाजसेवियों ने इस लापरवाही को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि विसर्जन के बाद भक्तजन और प्रशासन दोनों ही इस ओर ध्यान नहीं देते । नालियों के निर्माण को लेकर भी गंभीर सवाल उठे। आरोप है कि शिकायतों के बाद नालियों का निर्माण तो कराया गया, लेकिन मानकों के अनुरूप नहीं, और कई स्थानों पर नालियां खुली छोड़ दी गई हैं। जबकि नगर पंचायत निजामाबाद के वार्ड 1 से 11 तक की नालियों को भूमिगत करने की मांग से जुड़ी आख्या शासन-प्रशासन, तहसील प्रशासन, एसडीएम और डीएम कार्यालय तक दी जा चुकी है।

कार्रवाई न होने पर सीएम से फिर शिकायत की तैयारी

समाजसेवियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निरीक्षण कर मानक के अनुसार कार्य नहीं कराया गया और भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश को पुनः शिकायत करेंगे । स्थानीय नागरिकों को अब उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर सच्चाई सामने लाएंगे और नगर को गंदगी व अव्यवस्था से राहत मिलेगी।

वोट बिके नहीं विवेक से चुने जाएं जनप्रतिनिधि

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मऊ आगमन पर हुआ ऐतिहासिक स्वागत

 

Leave a Comment

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now