BREAKING NEWS : राज्यपाल को भेजा गया ज्ञापन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय की मेस व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। विश्वविद्यालय की कैंटीन/मेस में परोसे गए भोजन में जिंदा कीड़ा मिलने से छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। इस गंभीर लापरवाही को लेकर छात्रों ने अपने स्वास्थ्य के साथ खुलेआम खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 03 जनवरी की बताई जा रही है, जब छात्रों को मेस में परोसे गए भोजन में जीवित कीड़ा मिला। भोजन में कीड़ा देख छात्रों में भय और नाराजगी फैल गई, जिसके बाद कई छात्रों ने भोजन करने से इंकार कर दिया। छात्रों का कहना है कि मेस प्रबंधन की यह घोर लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
छात्रों ने जताया कड़ा विरोध, राज्यपाल तक पहुंची शिकायत
घटना से आक्रोशित छात्रों एवं छात्र नेताओं ने दीपक पाठक “माइकल” (मंत्री, छात्रसंघ डी०ए०वी०पी०जी० कॉलेज) के नेतृत्व में जिलाधिकारी आजमगढ़ के माध्यम से राज्यपाल, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में मेस प्रबंधन और ठेकेदार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के चलते खाद्य सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
नियमित जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए
-
मेस की नियमित जांच,
-
स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने,
-
तथा भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।
छात्रों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा । इस दौरान दीपक पाठक, अखिलेश पांडेय, अभिलाष यादव, गोलू, निखिल सहित कई छात्र व छात्र नेता उपस्थित रहे।