आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के थाना कंधरापुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भू-माफियाओं पर एक व्यक्ति के पिता को बंधक बनाकर जमीन हड़पने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार उसके पिता के नाम ग्राम सभा की भूमि दर्ज है, जिसे लेकर गांव के ही कुछ दबंग और प्रभावशाली लोग लंबे समय से अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि 14 जनवरी 2026 को आरोपित उसके घर पहुंचे और किसी काम का बहाना बनाकर उसके पिता को अपने साथ ले गए। इसके बाद वे घर नहीं लौटे।
भारतीय लोकतंत्र के सजग प्रहरी: पत्रकार और भारतीय समाचार पत्रों की यात्रा
काफी खोजबीन के बाद गांव के कुछ लोगों ने बताया कि आरोपितों ने उसके पिता को अपने घर में बंधक बनाकर रखा है। जब पीड़ित आरोपित के घर पहुंचा और अपने पिता को छोड़ने की बात कही तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और वहां से भगा दिया गया। कुछ दिन बाद दोबारा गुहार लगाने पर आरोपितों ने खुलेआम धमकी दी कि यदि जमीन छोड़ने से इनकार किया गया तो उसे और उसके पिता को जान से मार दिया जाएगा।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसने इस पूरे प्रकरण की शिकायत थाना कंधरापुर में लिखित रूप से की, लेकिन अब तक न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। इस बीच आरोपित लगातार मोबाइल फोन के माध्यम से धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उसके पिता को सकुशल मुक्त कराया जाए, भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और उसकी जमीन को अवैध कब्जे से सुरक्षित कराया जाए। पीड़ित का कहना है कि वह गरीब और कमजोर वर्ग से है, जबकि आरोपित दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे उसे न्याय मिलने की उम्मीद प्रशासन से ही है।
यह मामला अब जिला प्रशासन के लिए एक बड़ी परीक्षा बन गया है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
सीधा सुल्तानपुर में कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’, ग्रामीणों ने कानून बचाने का लिया संकल्प