Azamgarh Breaking News : सालों से बंद गंधुई कोल्ड स्टोर का पुनर्निर्माण कर संचालित करे सरकार: राजीव यादव

Azamgarh Breaking News : निजामाबाद क्षेत्र के किसानों की मांग, पूर्वांचल के सबसे बड़े कोल्ड स्टोर की बदहाली पर जताई चिंता

Azamgarh Breaking News

Breaking News

निजामाबाद क्षेत्र के गंधुई में वर्षों से बंद पड़े कोल्ड स्टोर के पुनर्निर्माण और संचालन की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव एवं किसान नेता राजीव यादव ने गंधुई स्थित कोल्ड स्टोर का दौरा कर सरकार से इसे पुनः चालू कराने की मांग की।

राजीव यादव ने कहा कि निजामाबाद क्षेत्र सब्जी उत्पादन का बड़ा केंद्र है, ऐसे में किसानों को कोल्ड स्टोरेज की सख्त जरूरत है। जरूरत तो इस बात की है कि यहां नए शीतगृह बनाए जाएं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि पूर्वांचल के सबसे बड़े कोल्ड स्टोरों में शामिल गंधुई कोल्ड स्टोर सालों से बदहाल हालत में बंद पड़ा है।

दौरे के दौरान राजीव यादव ने बताया कि अब यह कोल्ड स्टोर केवल एक खाली इमारत बनकर रह गया है। उसका सारा साजो-सामान गायब हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार यह कोल्ड स्टोर सहकारी व्यवस्था के तहत फैक्सफेड और शीतगृह विभाग द्वारा संचालित किया जाता था। ग्रामीणों ने बताया कि यह पांच-पांच तल्ला ऊपर-नीचे बना पूर्वांचल का सबसे बड़ा कोल्ड स्टोर था।

मैनपार गांव के 74 वर्षीय किसान राम शकल यादव ने बताया कि उनकी जवानी के दौर में यह कोल्ड स्टोर लगभग 52 लाख रुपये की लागत से बनाया गया था। वर्ष 1985 में तत्कालीन विधायक चंद्रबली ब्रह्मचारी के प्रयास से तत्कालीन सहकारिता मंत्री बच्चा पाठक ने इसका लोकार्पण किया था। हालांकि 1988-89 में बड़ी मात्रा में आलू सड़ जाने के बाद यह कोल्ड स्टोर विवादों में आ गया। आलू इस कदर सड़ा था कि पूरे इलाके में बदबू फैल गई थी।

आलू सड़ने के कारणों को लेकर ग्रामीणों में अलग-अलग राय है। कोई निर्माण में खामी को कारण मानता है तो कोई बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी को। ग्रामीणों ने बताया कि उस समय तहबरपुर और बिंद्राबाजार से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था थी। घटना के बाद कोल्ड स्टोर पूरी तरह बंद हो गया, बकाया बढ़ता गया और आज करोड़ों की जमीन व भवन पर बना यह कोल्ड स्टोर खंडहर में तब्दील हो चुका है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मायावती सरकार के दौरान कोल्ड स्टोर के अधिग्रहण की सूचना पर इलाके के लोगों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया, जिसके बाद सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा। कभी निजामाबाद क्षेत्र के किसानों को इस बात का गर्व था कि पूर्वांचल का सबसे बड़ा कोल्ड स्टोर उनके क्षेत्र में है, लेकिन आज किसान फूलपुर और बेलइसा के निजी कोल्ड स्टोरों पर निर्भर होने को मजबूर हैं।

राजीव यादव ने सरकार से मांग की कि किसानों के हित में गंधुई कोल्ड स्टोर का पुनर्निर्माण कर उसे शीघ्र संचालित किया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को राहत मिल सके। Read More…..

RO Plant

Azamgarh Breaking News : हाईकोर्ट के आदेश पर उजड़ा आशियाना, अब जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

UP POLICE

Leave a Comment

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now