दिशा ग्लोबल फाउंडेशन की बाल विवाह विरोधी पहल: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत रानी की सराय में जागरूकता बैठक, 45 लोगों ने ली शपथ
दिशा ग्लोबल फाउंडेशन ने बडनपुर विकासखंड में किया आयोजन, बाल विवाह के दुष्परिणामों व कानूनी प्रावधानों पर दी गई जानकारी
बाल विवाह के खिलाफ रानी की सराय में जागरूकता
रानी की सराय (आजमगढ़)। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बडनपुर विकासखंड, रानी की सराय में दिशा ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से एक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा समाज की सामूहिक जिम्मेदारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र में किसी भी बच्ची का विवाह कराना कानूनन अपराध है। बाल विवाह न केवल बच्चियों के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्रभावित करता है, बल्कि उनके संपूर्ण भविष्य पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई कि वे भविष्य में किसी भी बच्ची का 18 वर्ष से कम उम्र में विवाह नहीं होने देंगे और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध सक्रिय रूप से आवाज उठाएंगे।
जागरूकता बैठक में हरिकेश विश्वकर्मा (प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर) एवं पूजा भारती की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। बैठक में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित लगभग 45 लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूकता फैलाने, संदिग्ध मामलों की सूचना देने और समुदाय स्तर पर सहयोग करने का संदेश दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। जागरूकता, शिक्षा और सामूहिक प्रयासों से ही एक सशक्त एवं बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
वेनेजुएला में सियासी भूचाल! संसद के भीतर मादुरो के बेटे का भावुक भाषण, अमेरिका कटघरे में